[sultanpur] - पेट्रोल पंप के मैनेजर से तीन लाख की लूट
पेट्रोल पंप मैनेजर से दिनदहाड़े तीन लाख रुपये की लूट सुल्तानपुर। पेट्रोल पंप के मैनेजर से बदमाशों ने दिनदहाड़े असलहे के जोर पर दो लाख 94 हजार रुपये लूट लिए। मैनेजर के विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी और असलहा लहराते हुए फरार हो गए। घटना के वक्त मैनेजर रुपया जमा करने बाइक से बैंक जा रहा था। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार के पास स्थित शक्ति पेट्रोल पंप पर गोरखपुर निवासी विष्णु प्रताप सिंह मैनेजर है। सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे विष्णु प्रताप पेट्रोल पंप से दो लाख 94 हजार रुपये बैग में रखकर बाइक से बैंक में जमा करने के लिए निकला था। विष्णु के मुताबिक जब वह महानपुर गांव के पास पहुंचा तो एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे ओवर टेक कर रोक लिया। विष्णु जब तक कुछ समझता तब तक दो युवक नीचे उतरे और असलहा निकालकर उस पर तान दिया। इसके बाद दोनों युवक विष्णु की बाइक की डिक्की में रखा बैग निकालने लगे। विष्णु ने इसका विरोध किया तो दोनों बदमाशों ने असलहे की बट से पिटाई कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। मैनेजर ने घटना की सूचना यूपी 100 के साथ ही पेट्रोल पंप मालिक को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष रणजीत सिंह व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और छानबीन की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि विष्णु की तहरीर पर तीन अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया गया है। घटना की तफ्तीश की जा रही है।
यहां पढें पूरी खबर— - http://v.duta.us/PoxsAwAA