[bareilly] - ‘सत्ता में आए तो राफेल घोटाले की होगी जांच’
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया ने कहा है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो राफेल घोटाले की जांच कराई जाएगी। इसमें कई बड़े-बड़े लोग फंस सकते हैं। पुनिया सिविल लाइंस के एक होटल में पत्रकारों से बात कर रहे थे। अनिल अंबानी की ओर से दिए गए 5000 करोड़ रुपये के मानहानि नोटिस के सवाल पर पुनिया ने कहा कि राफेल घोटाले का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास कोई जवाब नहीं है, इसलिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
सांसद पुनिया ने दावा किया है कि राफेल खरीद घोटाला देश का सबसे बड़ा घोटाला है। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रतिष्ठान एचएएल (हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड) को दरकिनार कर रिलायंस डिफेंस नामक कंपनी को राफेल विमानों की मरम्मत और देखभाल का काम दिया गया है। कंपनी काम मिलने से सिर्फ 12 दिन पहले ही बनी थी। उन्होंने बताया कि लड़ाकू विमान की कीमत सार्वजनिक नहीं की जा रही है। पुनिया ने कहा कि रक्षामंत्री भी गलत बयान दे रही हैं। योगी सरकार पर निशाना साधते हुए पुनिया ने कहा कि यूपी सरकार हर मोर्चें पर फ्लाप हो गई है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण को लेकर भ्रम फैला रही है, कांग्रेस इसे दूर करेगी। इस मौके पर पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन, कांग्रेसी नेता प्रेमप्रकाश अग्रवाल, सुरेंद्र पांडे, अजय शुक्ला, ब्रह्मस्वरूप सागर, देवपाल सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष रामदेव पांडे, शहर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां आदि मौजूद रहे। पुनिया इसके बाद बौद्ध विहार पहुंचे और अनशन पर बैठे लोगों की मांगे पूरी कराने का वादा किया।
यहां पढें पूरी खबर— - http://v.duta.us/afL1tAAA